मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जब से भाजपा विपक्ष में आई है शिवराज सिंह चौहान, नरोत्तम मिश्रा और वो सब जिन्होंने 15 साल तक राज्य को लूटा खुलेआम कांग्रेस विधायकों को 25-35 करोड़ की घूस आफर कर रहे हैं। यह कर्नाटक नहीं, मध्य प्रदेश है। उन्होंने कहा कि हमारे विधायक बिकाऊ नहीं हैं। इस पर पलटवार करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झूठ बोलना दिग्विजय की पुरानी आदत है।
दिग्विजय ने कहा कि मैं बिना तथ्यों के आरोप नहीं लगाता। शिवराज और नरोत्तम में सहमति बन गई है। एक मुख्यमंत्री और दूसरा डिप्टी सीएम बनने का सपना देख रहे हैं। शिवराज और नरोत्तम कांग्रेस विधायकों को फोन कर रहे हैं और खुलेआम 25 से 35 करोड़ रुपये की पेशकश कर रहे हैं। 5 करोड़ अभी ले लो, दूसरी किश्त राज्यसभा चुनाव में और तीसरी किश्त सरकार गिराने (फ्लोर टेस्ट) के बाद दी जाएगी।
वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय सिंह को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ये उनकी (दिग्विजय सिंह) पुरानी आदत है। उनके दिमाग का कोई आंकलन नहीं कर सकता है। उनके दिमाग में हमेशा फ़ितूर ही चलता रहता है। झूठ बोलकर सनसनी फैलाना उनकी पुरानी आदत है। मुख्यमंत्री पर दबाव बनाकर अपना महत्व जताना चाहते होंगे इसलिए ऐसा बयान दिया होगा।

मध्य प्रदेश विधानसभा की स्थिति
मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटें हैं। 2 विधायकों का निधन होने से वर्तमान में 228 सदस्य हैं। कांग्रेस के पास 115 विधायक हैं। सरकार को अन्य 3 निर्दलीय विधायक, 2 बसपा और 1 सपा विधायक का भी समर्थन। भाजपा के पास 107 विधायक हैं।