बबजरंग नगर में रहने वाली 25 साल की एक टीवी एक्ट्रेस ने सोमवार देर रात अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मौत से कुछ घंटे पहले उसने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर लिखा – “सबसे बुरा होता है सपनों का मर जाना” । सुबह जब उसकी मां ने देखा तो वह फंदे पर थी। परिजन का कहना है कि वह अपने कॅरियर को लेकर ज्यादा तनाव में थी। उसके कमरे से मिले सुसाइड नोट में भी कॅरियर का ही जिक्र है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
हीरानगर पुलिस के अनुसार मृतका प्रेक्षा पिता रवींद्र मेहता है। पिता का बजरंग नगर में जनरल स्टोर है। प्रेक्षा मुंबई में रहकर सीरियल में काम करती थी। लॉकडाउन के पहले वह इंदौर अपने घर आई थी। फिर यहीं रुक गई। कई दिनों से वह उदास थी, लेकिन किसी को अपनी बातें नहीं बताती थी। मंगलवार सुबह 5 बजे उसकी मां छत पर योग करने पहुंची तो देखा, प्रेक्षा के कमरे की लाइट जल रही है। मां ने सोचा वह जाग रही है, इसलिए उसे उठाने पहुंच गई। दरवाजा बजाया, लेकिन उसने नहीं खोला। फिर मां ने पास की खिड़की धकाई तो अंदर प्रेक्षा फंदे पर टंगी हुई थी। मां ने शोर मचाया तो पड़ोसी और घर वाले दौड़कर आए। दरवाजा तोड़कर उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन बोले – कॅरियर को लेकर चिंतित थी

परिजन और दोस्तों के अनुसार प्रेक्षा अपने करियर को लेकर थोड़ा तनाव में थी। उसे लगता था कि जो उसने सोचा है वह पा नहीं पाई, इसलिए वह खोई-खोई रहने लगी थी। दोस्तों के अनुसार प्रेक्षा करीब तीन साल से मुंबई में रहकर टीवी सीरियल में अभिनय कर रही थी। उसने क्राइम पेट्रोल में कुछ एपीसोड के अलावा स्टार प्लस के कुछ सीरियल में किरदार निभाए हैं। उसने सखा नाम की फीचर फिल्म में भी लीड रोल किया है। इसके अलावा उसका यू-ट्यूब पर एक एल्बम डेयर टू लव भी लाखों लोगों ने देखा था।
भोपाल से किया था एक्टिंग का कोर्स
उसने भोपाल में फिल्म एंड ड्रामा एकेडमी में एक साल का एक्टिंग कोर्स किया था। कुछ सीरियल में उसका किरदार अच्छा लगने के बाद उसे रोल मिलने लगे थे। बताया जा रहा है कि उसने 8 नाटकों में भी काम किया है। उसे राष्ट्रीय नाट्य उत्सव में अवार्ड भी मिला है। उसने इंदौर के एक्रोपॉलिस कॉलेज से ग्रेज्युएशन किया था। परिवार में पिता-माता और छोटी बहन है। उधर, पुलिस का कहना है 25 साल कि उम्र में कॅरियर के लिए फांसी लगाना समझ नहीं आ रहा है। जब उसे मुंबई में रोल मिलने लगे थे तो फिर किस बात का तनाव था। पुलिस को यह बात समझ नहीं आ रही है। पुलिस अब उसकी कॉल डिटेल सहित अन्य चीजें तलाशेगी।